दुर्घटनाग्रस्त ड्रोन
रुद्रप्रयाग में ड्रोन दुर्घटनाग्रस्त हो गया. ड्रोन के दुर्घटनाग्रस्त होने की जांच की जा रही है.
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में सेना की ट्रेनिंग में इस्तेमाल होने वाला ड्रोन जंगल में क्रैश हो गया है, हालांकि अभी तक सेना का कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन माना जा रहा है किसी ट्रेनिंग के दौरान ही इस UAV को उड़ाया गया होगा, और रुद्रप्रयाग में सारी वार्ड में ककोड़ा खाल बिजराकोट रोड के पास ये ड्रोन क्रैश हो गया। शुरुआती जानकारी में इसे हेलीकॉप्टर दुर्घटना समझा गया, जिसके बाद प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग में अफरा-तफरी मच गई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज दोपहर 2:36 बजे प्रशासन को फोन के जरिए सूचना मिली कि सारी गांव से लगभग 7 से 8 किलोमीटर ऊपर स्थित बिजराकोट क्षेत्र में एक ड्रोन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. सूचना मिलते ही जिला प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग सक्रिय हो गया और घटना की जानकारी जुटाने का कार्य शुरू किया.

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और मौके की जानकारी जुटाई गई। जांच में सामने आया कि दुर्घटनाग्रस्त वस्तु कोई हेलीकॉप्टर नहीं, बल्कि एक उन्नत ड्रोन है, जिसका उपयोग सेना, वायुसेना और नौसेना द्वारा प्रशिक्षण एवं हथियार प्रणालियों के परीक्षण में लक्ष्य के रूप में किया जाता है.
अब इलाके में ड्रोन गिरने के बाद स्थानीय लोगों में खासी उत्सुकता है, जिस वजह से बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचे हैं, औऱ वीडियो भी बनाए। हालांकि सेना या फिर प्रशासन की तरफ से अभी तक इस पर कोई बयान या फिर कंफर्मेशन नहीं आया है।। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का और आधिकारिक पुष्टि का इंतज़ार किया जा रहा है।