हीरे का हार चुरानी वाली महिला गिरफ्तार
हीरे के आभूषण पहनकर चोर ने इंस्टाग्राम पर अपलोड की रील, रील देखकर असली मालकिन पहचान गई हार को, महिला हो गई गिरफ्तार
देहरादून। इंस्टाग्राम में हीरे का हार पहनकर रील बनाने की वजह से एक महिला को जेल जाना पड़ा. दरअसल मामला ये है कि जिस हीरे के हार को वो दिखावा वो कर रही थी, वो असल में उसका था ही नहीं. इस हार को महिला ने करीब साल पहले चुराया था. इसी बीच उसे रील बनाने का शोक चढ़ा और रील बनाई भी लेकिन रील हीरे के हार के असली मालिक के रिश्तेदार के फोन तक पहुंच गई. फिर क्या था, रिश्तेदारों ने हार को पहचान लिया और हार के असली मालिक को बता दिया. जिसके बाद महिला धरी गई.
दरअसल, देहरादून के थाना राजपुर पुलिस ने एक महिला को लाखों रुपए कीमत के हीरे और सोने के आभूषणों के साथ गिरफ्तार किया है. जोकि हार के मालिक के घर पर घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी. जिसने मौका पाकर महंगे आभूषणों पर हाथ साफ किया था. घटना के बाद आरोपी ने महिला को आभूषण अन्यत्र रखकर भूल जाने का विश्वास दिलाया था, लेकिन एक रील की वजह से पकड़ी गई.
आईटी पार्क क्षेत्र निवासी नितिशा वत्स ने थाना राजपुर में एक शिकायत दर्ज कराई थी. जिसमें उसने बताया था कि करीब 1 साल पहले उसने अपने घर में रखे हीरे और अन्य आभूषणों को ढूंढने का प्रयास किया गया, तो वो घर पर कहीं नहीं मिले, जिस पर उसे लगा कि उसने अपने आभूषणों को या तो अपने किसी रिश्तेदार को दे दिया है या कहीं ऐसे जगह रख दिया है, जो उन्हें याद नहीं आ रहा है, लेकिन तब उन्हें बिल्कुल भी शक नहीं था कि उनके आभूषण किसी ने चुरा लिए हैं.

घरेलू सहायिका के रूप में करती थी काम: उन्हें शक हो गया कि उनकी पहले घरेलू सहायिका ने ही आभूषणों को घर से चोरी किया है. पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना राजपुर में पुलिस टीम का गठन किया गया. गठित पुलिस टीम ने जानकारी जुटाने के बाद मुखबिर की सूचना पर आरोपी महिला को जोहड़ी रोड से गिरफ्तार कर लिया.
आरोपी महिला की निशानदेही पर पुलिस टीम ने चोरी किए गए हीरे और सोने के आभूषण बरामद किए. जिसमें हीरे का हार 1, सोने का लॉकेट 1, सोने की अंगूठी 2 और सोने का पैंडल 1 शामिल था. पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि वो नितिशा के आईटी पार्क स्थित घर में घरेलू सहायिका का काम करती थी. पीड़िता के घर के एक कमरे के लॉकर में काफी महंगे आभूषण रखे हुए थे, जिन्हें वो अक्सर देखा करती थी.
जिस कारण उसके मन में उन गहनों को चोरी करने का लालच आ गया. करीब 1 साल पहले उसने मौका देखकर लॉकर से हीरे और सोने के कीमती आभूषण चुरा लिए. घर की मालकिन उस पर काफी भरोसा करती थीं, जिस कारण उन्हें उस पर शक नहीं हुआ. उसने भी घर की मालकिन को अपने भरोसे में लेकर यकीन दिलाया कि उन्होंने गहनों को शायद कहीं दूसरी जगह रख दिया है या अपने किसी परिचित को दिया है.
वहीं, घटना को अंजाम देने के बाद वो चोरी किए गए आभूषणों में से कुछ आभूषणों को बेचना चाहती थी, लेकिन हीरे व सोने के महंगे आभूषण होने के कारण वो बिक नहीं पाए. वो अब भी लगातार उन्हें बेचने का प्रयास कर रही थी, लेकिन अचानक इतने समय बाद वो पुलिस की गिरफ्त में कैसे आई? इसकी भनक नहीं लग पाई. बाद में बता चला कि इंस्टा रील और फोटो ने जेल पहुंचाया है.