हरिद्वार। अगर आप या आपके परिवार का कोई सदस्य कांवड़ के लिए निकल रहा है. तो आपके लिए सही रूट की जानकारी होना आपकी यात्रा आसान बनाएगी। कौन सा रास्ता खुला रहेगा… कहां से डायवर्जन मिलेगा… कौन सा एक्सप्रेसवे पूरी तरह बंद रहेगा. इसके लिए उत्तराखंड पुलिस का ये है पूरा ट्रैफिक रूट प्लान-
कांवड़ यात्रा को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने बड़ा ट्रैफिक प्लान लागू किया है। अलग-अलग राज्यों से आने वाले कांवड़ियों के लिए अलग रूट तय किए गए हैं, ताकि शहर में जाम न लगे और यात्रा सुरक्षित रहे।
सहारनपुर की तरफ से आने वाले कांवड़िए मझावर, अब्दुल कलाम चौक, नगला इमरती, लक्सर और एसएएम तिराहे से होते हुए सीधे बैरागी कैंप पार्किंग पहुंचेंगे।

अगर ट्रैफिक का दबाव बढ़ा तो दिल्ली, मेरठ और मुजफ्फरनगर से आने वाले कांवड़ियों को भी रामपुर तिराहा, कोलकी टोल, बड़काला और इसी रूट से बैरागी कैंप भेजा जाएगा।

सबसे खास बात ये है कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे कांवड़ वाहनों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। इसलिए अगर आप इसी रास्ते से आने की सोच रहे हैं तो पहले अपना रूट जरूर बदल लें।

यमुनानगर और सहारनपुर से आने वाले कांवड़ियों के लिए भी यही रूट रहेगा और उनकी पार्किंग बैरागी कैंप में होगी। पार्किंग से निकलने वाले सभी कांवड़ वाहन श्मशान घाट पुल, श्रीधर पुल, बूढ़ी माता तिराहा, सिंहद्वार और NH-334 के रास्ते आगे बढ़ेंगे।


मुरादाबाद, बिजनौर और नजीबाबाद की तरफ से आने वाले कांवड़ियों को चिड़ियापुर, फैंडीखाता और 4.2 डायवर्जन के रास्ते गौरीशंकर और नीलधारा पार्किंग भेजा जाएगा।

वहीं देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले कांवड़िए नेपाली तिराहा, समरक्षी तिराहा और दूधधारी फ्लाईओवर से होकर चमगद्दा टापू और लालजीवाला पार्किंग पहुंचेंगे।

अगर आप भी कांवड़ यात्रा पर जा रहे हैं, या फिर कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार और ऋषिकेश शहर की सड़कों पर निकल रहे हैं, तो हरिद्वार और ऋषिकेश निवासी घर से निकलने से पहले अपना रूट जरूर चेक करें। उत्तराखंड प्रशासन द्वारा तय किए गए रास्तों का ही इस्तेमाल करें और पुलिस के निर्देशों का पालन करें। सही रूट पर चलने पर ही आपकी यात्रा आसान होगी और हरिद्वार में ट्रैफिक व्यवस्था भी सुचारु बनी रहेगी।
तो ध्यान रखिए… हरिद्वार पहुंचने के लिए सिर्फ आस्था नहीं, सही रूट का पता होना भी जरूरी है। यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान जरूर देख लें।