बच्ची को बचते जांबाज़ युवक
देहरादून की जाखन नदी में बह रही 12 वर्षीय बच्ची को 4 लोगों ने जान पर खेल कर बचाया.
देहरादून। जाखन नदी में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नदी का पानी देखने गई 12 वर्षीय बालिका अचानक पैर फिसलने से तेज बहाव में बहने लगी। स्थिति को गंभीर देखते हुए मौके पर मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए 4 युवक तुरंत नदी में उतरे। कड़ी मशक्कत के बाद चारों ने बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते हुए किए गए इस रेस्क्यू से एक बड़ा हादसा टल गया।
छुट्टी पर आए फौजी श्री अजय कुमार (पुत्र श्री कर्म चन्द) निवासी चंडी प्लांटेशन, ग्राम माजरी ग्रांट, के साथ आशुतोष, तथा राहुल व तुषार (पुत्र प्रेम सिंह), निवासी लालतप्पड़, ग्राम माजरी ग्रांट ने बिना अपनी जान की परवाह किए नदी के तेज बहाव में छलांग लगा दी और कड़ी मशक्कत के बाद बालिका को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इन सभी युवकों के साहस और तत्परता से एक मासूम की जिंदगी बच सकी। ग्राम प्रधान श्रीमती निशा देवी एवं प्रधान प्रतिनिधि श्री मंगल सिंह ने अजय कुमार, आशुतोष, राहुल और तुषार के इस साहसिक एवं मानवीय कार्य की प्रशंसा करते हुए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे साहसी और संवेदनशील लोग समाज के लिए प्रेरणा हैं।
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए. लोगों ने चारों युवकों और सेना के जवान की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि, उनकी सूझबूझ और साहस से एक मासूम की जान बच गई. समय रहते रेस्क्यू नहीं होता तो बड़ा हादसा हो सकता था.
वहीं लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन भी लोगों से नदी-नालों और बरसाती गदेरों के पास नहीं जाने और सतर्क रहने की अपील कर रहा है. बारिश के मौसम में जलस्तर कभी भी अचानक बढ़ जाता है इस लिए प्रशासन सभी को विशेष सावधानी बरतने की सलाह देता है.
देहरादून एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल का कहना है कि, भारी बारिश के बीच सभी थाना क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की अलग- अलग टीमों द्वारा लगातार भ्रमणशील रहते हुए हर स्थिति पर लगातार सतर्क दृष्टि रखी जा रही है, साथ ही रात्रि से ही लगातार नदी-नालों के किनारे और संवेदनशील स्थानों में भ्रमणशील रहकर लोगों को लाउड हेलर के माध्यम से सतर्क किया जा रहा है. लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण नदी-नालों के किनारे न जाने की हिदायत दी जा रही है. साथ ही नदी किनारे संवेदनशील स्थानों से लोगों को हटाते हुए सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है.