एसपी देहात भी घटनास्थल
भाई ने पहले बहन के प्रेमी को और उसके बाद बहन को भी गोली मारकर फरार हो गया।
हरिद्वार। हरिद्वार के झबरेड़ा थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें एक भाई ने अपनी सगी बहन और उसके प्रेमी को गोली मार दी। जब पुलिस को सूचना मिली तब उन्होंने घायल दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल के डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। आरोपी भाई दोनों के रिश्ते से नाराज था। इसी वजह से उसने पहले अपनी बहन के प्रेमी को गोली मारी और फिर घर जाकर अपनी बहन को भी मौत के घाट उतार दिया।
जानकारी के अनुसार, अमन नाम का युवक(भाई), जो झबरेड़ी कलां का निवासी है, अपनी 23 वर्षीय बहन और 20 वर्षीय सूरज पर गोली चलाने का आरोपी है। इस घटना के बाद अमन मौके से भाग निकलने में सफल रहा। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। जैसे ही जानकारी मिली, झबरेड़ा थाना पुलिस जल्द ही स्थान पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू की।
जैसे ही डबल मर्डर की सूचना मिली, एसपी देहात अभय सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से घटनाक्रम की जानकारी ली, साथ ही आवश्यक निर्देश दिए। बाद में पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर रुड़की के सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रेम संबंधों से जुड़ा विवाद प्रतीत हो रहा है। फिर भी इसके पीछे का असली कारण पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो पायेगी। इस समय पुलिस ने घटनास्थल से सबूत इकट्ठा करना शुरू कर दिया है और मामले से संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, इस डबल मर्डर की घटना के बाद गांव में काफी तनाव और डर का माहौल है। पुलिस पूरी घटना के पहलुओं को जोड़ने में जुटी है।
विजय सिंह, कोतवाली प्रभारी, झबरेड़ा ने बताया कि – प्रारंभिक जांच में इस घटना का कारण प्रेम संबंधों से जुड़ी कलह माना जा रहा है। फिलहाल, पुलिस पूरी मामले की बारीकी से जांच कर रही है और क्षेत्रीय निवासियों से भी घटना के बारे में जानकारी ले रही है। पुलिस आरोपी की तलाश में है।