रिटायर्ड ब्रिगेडियर हत्या मामला
देहरादून रिटायर्ड ब्रिगेडियर हत्याकांड मामले में पुलिस ने नए खुलासा के साथ जेन जी क्लब को किया सील.
देहरादून। शहर के राजपुर थाना क्षेत्र में 30 मार्च (सोमवार) की सुबह गोलीकांड और रिटायर्ड ब्रिगेडियर हत्या मामले में देहरादून एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के बयान से नया मोड़ आ गया है. साथ ही विवाद का कारण भीबताया. ये विवाद कारों के ओवरटेक का नहीं था. ये विवाद क्लब के ‘बिल’ पर शुरू हुआ. देहरादून पुलिस ने मसूरी रोड स्थित क्लब को सील कर दिया है. लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई के लिए डीएम को सिफारिश की गई है.
एसएसपी डोबाल ने बताया कि, गोलीबारी में शामिल लोग 29 मार्च की रात ‘जेन जी क्लब’ में ही थे, जहां बिल को लेकर क्लब के स्टाफ से उनका झगड़ा हो गया था. उन्होंने कहा कि, आज 30 मार्च की सुबह, जब क्लब के संचालक परिसर बंद करके निकले, तो उन्हीं युवकों ने उनका पीछा किया. जोहरी गांव में स्थिति और बिगड़ गई, जहां दो गुटों के बीच कहा-सुनी के बाद गोलीबारी हो गई. इस घटना में सेना के रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी, जो सुबह की सैर पर निकले थे, को गोली लग गई और उनकी मौत हो गई.
एसएसपी ने आश्वासन दिया है कि गोलीबारी में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा.
गोलीकांड में शामिल दिल्ली नंबर की स्कॉर्पियो वाहन में सवार युवक फरार चल रहे हैं. जबकि फॉर्च्यूनर कार सवार युवकों को हिरासत में लिया गया है. फिलहाल पूछताछ चल रही है. उधर, घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें गोली चलने और स्कॉर्पियो द्वारा तेज रफ्तार में फॉर्च्यूनर कार का पीछा करते देखा जा रहा है.
