बीजेपी के 6 बड़े नेताओं ने ज्वाइन की कांग्रेस
आज दिल्ली में उत्तराखंड के बीजेपी के कई नेताओं समेत 6 लीडर्स ने कांग्रेस पार्टी ज्वाइन की है, कुमारी शैलजा ने कराई ज्वाइनिंग।
देहरादून/नई दिल्ली। कहते हैं तस्वीरें झूठ नहीं बोलतीं और पूरी कहानी बता देती हैं. ऐसा ही आज उत्तराखंड के नेताओं के कांग्रेस ज्वाइन करते वक्त की तस्वीरें भी कह रही हैं. दरअसल उत्तराखंड कांग्रेस आज बहुत खुश है. आए दिन बीजेपी राज्य के नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल करा रही थी. आज कांग्रेस ने एक साथ बीजेपी के कई बड़े नेताओं समेत 6 लीडर्स को पार्टी ज्वाइन कराई है. इनमें कई पूर्व विधायक शामिल हैं. कांग्रेस की सदस्यता लेने का ये कार्यक्रम कांग्रेस के दिल्ली मुख्यालय में संपन्न हुआ. इस दौरान की जो तस्वीर सामने आई है, उसमें कांग्रेस ज्वाइन करने वाले सभी नेता पिछली पंक्ति में बैठे नजर आ रहे हैं.
उत्तराखंड बीजेपी के 6 बड़े नेताओं ने ज्वाइन की कांग्रेस: आज शनिवार 28 मार्च को उत्तराखंड के जिन 6 नेताओं ने कांग्रेस ज्वाइन की है, उनमें बीजेपी के पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, बसपा के पूर्व विधायक नारायण पाल, टिहरी की घनसाली सीट से पूर्व विधायक भीमलाल आर्या, रुड़की नगर निगम के पूर्व मेयर गौरव गोयल, मसूरी के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता और भीमताल से बीजेपी नेता लाखन सिंह नेगी शामिल हैं.

पिछली पंक्ति में बैठे दिखे नेता: इन नेताओं के कांग्रेस पार्टी ज्वाइन करने के समय की और उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा के प्रेस को संबोधित करने के समय की जो तस्वीरें सामने आई हैं, उनमें ये नेता पिछली पंक्ति में बैठे नजर आ रहे हैं. अगली पंक्ति में उत्तराखंड कांग्रेस की टॉप लीडरशिप बैठी हुई है. तस्वीर में कुमारी शैलजा सबसे आगे बीच में बैठी हैं. इनके दोनों तरफ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या बैठे हैं.

उत्तराखंड कांग्रेस की प्रभारी कुमारी शैलजा जब उत्तराखंड के इन 6 नेताओं की कांग्रेस ज्वाइनिंग की सूचना प्रेस को दे रही थीं तो तब ये नेता पिछली पंक्ति में बैठे दिख रहे हैं. प्रीतम सिंह के पीछे मसूरी नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष अनुज गुप्ता बैठे थे. यशपाल आर्या के पीछे घनसाली के पूर्व विधायक भीमलाल आर्या बैठे थे. कुमारी शैलजा के पीछे दो बार के पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल बैठे नजर आए. गणेश गोदियाल के पीछे पूर्व विधायक नारायण पाल बैठे दिखे. करन माहरा के पीछे रुड़की नगर निगम के पूर्व मेयर गौरव गोयल बैठे दिखे और हाजी निजामुद्दीन के पीछे भीमताल के बीजेपी छोड़कर गए लाखन सिंह नेगी दिखाई दिए.

धामी कैबिनेट में हैं कांग्रेस मूल के 7 मंत्री: उत्तराखंड की धामी कैबिनेट में मुख्यमंत्री समेत कुल 12 मंत्री हैं. चौंकाने वाली बात ये है कि इनमें से 7 मंत्री कांग्रेस बैकग्राउंड वाले हैं. 12 मंत्रियों में से 7 मंत्री प्रदीप बत्रा, भरत चौधरी, सुबोध उनियाल, रेखा आर्या, सौरभ बहुगुणा, सतपाल महाराज और राम सिंह कैड़ा कांग्रेसी बैकग्राउंड के हैं. ऐसे में बड़ा सवाल है कि आज बीजेपी छोड़कर जिन नेताओं ने कांग्रेस ज्वाइन की है, क्या वो भी पार्टी में वैसा ही रुतबा पा सकेंगे जैसा कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए नेताओं को मिला है.

कुमारी शैलजा ने कहा: कुमारी शैलजा ने इन 6 नेताओं को कांग्रेस ज्वाइन कराते समय जब इनका परिचय कराया तो उसके बाद कहा कि इन नेताओं ने बिना शर्त कांग्रेस ज्वाइन की है. यानी अभी इन नेताओं ने टिकट की मांग या टिकट के आश्वासन के बिना पार्टी ज्वाइन की है. शैलजा ने कहा कि शायद बीजेपी को इन नेताओं के कांग्रेस ज्वाइन करने की भनक लग गई थी, इसीलिए उन्होंने आनन-फानन में कैबिनेट का विस्तार किया. दरअसल बीजेपी ने 20 मार्च को कैबिनेट विस्तार किया था.

सबसे पहले दो बार के बीजेपी विधायक रहे राजकुमार ठुकराल ने कांग्रेस पार्टी ज्वाइन की. उन्होंने कुमारी शैलजा के पैर छुए. इसके बाद शैलजा ने उन्हें कांग्रेस का पटका पहनाया. ठुकराल के बाद दो बार के पूर्व विधायक नारायण पाल ने कुमारी शैलजा को नमस्कार करते हुए कांग्रेस का पटका लिया. तीसरे नंबर पर भीमलाल आर्या ने कांग्रेस की सदस्यता ली. उन्होंने भी कुमारी शैलजा के पैर छुए और कांग्रेस का पटका अपने कंधे पर रखवाया. कुमारी शैलजा ने उनके कंधे थपथपाकर उनके कान में कुछ कहा.

चौथे नंबर पर गौरव गोयल ने कांग्रेस ज्वाइन की. उन्होंने भी कुमारी शैलजा के पैर छुए और कांग्रेस की सदस्यता ली. पांचवें नंबर पर लाखन सिंह नेगी ने कांग्रेस ज्वाइन की. उन्होंने यशपाल आर्या के पैर छुए और कुमारी शैलजा को नमस्कार किया. कांग्रेस की सदस्यता लेने वाले आखिरी नेता अनुज गुप्ता थे. उन्होंने कुमारी शैलजा के पैर छुए और कांग्रेस की सदस्यता ली. इस दौरान उत्तराखंड कांग्रेस के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने माइक संभाला था. फिर फोटो सेशन हुआ तो सभी नेताओं ने विक्ट्री साइन दिखाए.
