CENSUS-OF-INDIA 2027
डिजिटल रूप में होगी जनगणना, शहरी क्षेत्र को छोटे-छोटे हाउस लिस्टिंग ब्लॉक्स में बाटा जाएगा, HLO एप के प्रयोग से होगी जनगणना।
रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं. पहले चरण के तहत 25 अप्रैल से रामनगर सहित शहरी क्षेत्रों में हाउस लिस्टिंग और ब्लॉक निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. इस बार जनगणना को पूरी तरह डिजिटल बनाने पर विशेष जोर दिया गया है, ताकि आंकड़ों का संकलन अधिक सटीक और पारदर्शी हो सके.
रामनगर नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी आलोक उनियाल ने बताया कि नगरीय क्षेत्रों में जनगणना की सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं. और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियुक्ति कर दी गई है. पूरे शहरी क्षेत्र को छोटे-छोटे हाउस लिस्टिंग ब्लॉक्स में विभाजित किया जाएगा, ताकि हर क्षेत्र की सटीक रूप से जानकारी एकत्र की जा सके.

हर ब्लॉक के लिए अलग गणनाकार: आलोक उनियाल, अधिशासी अधिकारी, रामनगर नगर पालिका – जनगणना के लिए प्रत्येक ब्लॉक में लगभग 150 से 180 घर शामिल होंगे. हर ब्लॉक के लिए एक गणनाकार (Enumerator) नियुक्त किया जाएगा, जो मुख्य रूप से स्कूल शिक्षकों और अन्य सरकारी कर्मचारियों में से होंगे. ये गणनाकार घर-घर जाकर लोगों से आवश्यक जानकारी जुटाएंगे और उसे डिजिटल माध्यम से दर्ज करेंगे.
HLO एप का होगा उपयोग: इस बार जनगणना प्रक्रिया को पेपरलेस बनाने के लिए प्रशासन ने एचएलओ (House Listing Operation) एप का उपयोग करने का निर्णय लिया है. इस एप के माध्यम से सभी आंकड़े सीधे ऑनलाइन दर्ज किए जाएंगे, जिससे त्रुटियों की संभावना कम होगी और डेटा संग्रहण में तेजी आएगी. अधिकारियों के मुताबिक, इस एप में कुल 45 प्रश्न शामिल हैं, जिनके जरिए भवन और परिवार से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी.

जनगणना के लिए ये प्रश्न पूछे जाएंगे:
- मकान की स्थिति (कच्चा या पक्का),
- शौचालय की उपलब्धता
- पेयजल व्यवस्था
- बिजली कनेक्शन
- रसोई गैस और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े पहलुओं को शामिल किया गया है.
इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य शहरी क्षेत्र की आधारभूत संरचना और नागरिक सुविधाओं का सटीक डाटा तैयार करना है, जिससे भविष्य में योजनाओं को बेहतर ढंग से लागू किया जा सके.
प्रशासन का मानना है कि 25 अप्रैल से शुरू होने वाला यह पहला चरण आगामी जनगणना 2027 की मजबूत नींव साबित होगा और इससे सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी महत्वपूर्ण मदद मिलेगी.
