
- 260 विवाहित व अविवाहित बेटियों ने देव दर्शन कर की खुशहाली की कामना
साहिया। ख़त शिलगांव के मंडोली गाँव की ध्यांटूडियों ने महासू मंदिर पंचरा (भंजरा) में चांदी का डोरिया चढ़ा देव दर्शन कर की खुशहाली की कामना की।
जौनसार बावर जनजातीय क्षेत्र के लोग अपने इष्ट व कुल देवता के प्रति अटूट आस्था व विश्वास रखते है। जिस कारण जेठ के माह में देवता के दर्शन करने सैकड़ों श्रद्धालु मंदिरों में जा रहे है और प्रभु के प्रति आस्था होने के चलते क्षेत्र के मंदिरों में चाँदी ने निर्मित देव चिन्हों को भेंट स्वरूप चढ़ाया जा रहा है। जौनसार बाबर के मुख्य महासू मंदिर हनोल व थैना के अलावा जनजातीय क्षेत्र में कई महासू मंदिर है। जिनमे से पंचरा (भंजरा) स्थित महासू मंदिर में शुक्रवार को ख़त शिलगांव के मंडोली गाँव की 260 विवाहित व अविवाहित बेटियों (ध्यांटूडियों) द्वारा चांदी से बना डोरिया चढ़ाया गया।
इससे पूर्व मंडोंली की बेटियों ने डोरिया महाराज को हरिपुर यमुना घाट पर स्नान कराया। जिसके बाद सभी बेटियाँ एकत्रित होकर महासू मंदिर पंचरा पहुंची। जहां महासू मंदिर समिति व ग्रामीणों द्वारा इनका जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान महासू मंदिर पंचरा (भंजरा) में कई श्रद्धालू दर्शन करने पहुंचे। मंदिर प्रांगण में पहुंचने पर देव पुजारी शुभंम शर्मा ने देव डोरिया की पूजा अर्चना की। जिसके बाद डोरिया को मंदिर के गर्भ गृह में स्थापित किया गया। दर्शन करने पहुंचे सभी श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन भी किया गया।
इस अवसर पर मंडोली गाँव के स्याणा नारायण सिंह चैहान, चरण सिंह चैहान, अतर सिंह चैहान, रमेश सिंह, महासू मंदिर समिति अध्यक्ष जवाहर सिंह चैहान, देवता के वजीर दिगंबर राणा, भंडारी रमेश चैहान, सूरत सिंह चैहान, कांति राणा, प्रताप सिंह, डोरिया चढाने में बालमा, गीता देवी, कविता, गूंदा देवी, दिपो देवी आदि मौजूद रहे।