
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भेंट
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भेंट कर उत्तराखण्ड की महत्वपूर्ण सड़क एवं बुनियादी ढांचा परियोजनाओं से सम्बंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि के अंतर्गत अवशेष ₹367.69 करोड़ की प्रतिपूर्ति शीघ्र राज्य सरकार को किये जाने, प्रस्तावित ऋषिकेश बाईपास परियोजना को अनुमोदन प्रदान करने का अनुरोध किया। बिहारीगढ़ से रोशनाबाद तक के राज्य मार्ग एवं काठगोदाम से पंचेश्वर तक के मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में अधिसूचित किये जाने एवं बिंदाल व रिस्पना नदियों के ऊपर प्रस्तावित एलिवेटेड रोड को एनएच-07 के लूप के रूप में स्वीकृत किए जाने का भी आग्रह किया।

मानसखण्ड परियोजना के अंतर्गत पौराणिक मंदिरों से जुड़ी 508 किमी लंबाई की 20 सड़कों के अपग्रेडेशन हेतु धनराशि स्वीकृत करने, एनएच-109 के पुनः संरेखण के बाद अतिरिक्त व्यय की पूर्ति हेतु अनुरोध किया। साथ ही एनएच-07 पर प्रस्तावित एलिवेटेड रोड के साथ मेट्रो कॉरिडोर के लिए ₹110 करोड़ की अतिरिक्त सहायता दिए जाने सहित अन्य आवश्यक कार्यों हेतु स्वीकृति प्रदान किए जाने का भी आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने राज्य की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सभी प्रस्तावित परियोजनाओं को त्वरित स्वीकृति देने का अनुरोध किया। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा, प्रमुख सचिव आर के सुधांशु, आर मीनाक्षी सुंदरम, सचिव पंकज कुमार पाण्डेय और स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा मौजूद थे।