गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप बैठक लेते हुए।
धर्मनगरी हरिद्वार में आने वाले कुंभ मेले की तैयारियाँ तेजी से चल रही हैं। और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
हरिद्वार। आगामी त्यौहारों के दौरान निर्माण में लगे श्रमिकों की छुट्टी पर जाने की संभावनाओं ने कुंभ मेले की तैयारियों प्रभावित हो सकती हैं, इस वजह ने सरकार की चिन्ता बढ़ा दी है। इस पर गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने चिंता व्यक्त करते हुए अधिकारियों को श्रमिकों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया है कि श्रमिकों की कमी के कारण निर्माण कार्यों की गति को धीमा नहीं होने देना चाहिए। इसके अलावा, गंग नहर के बंद होने के दौरान घाटों के निर्माण को तेजी से पूरा करने के लिए प्रभावी योजना बनाने और लगातार काम करने का आग्रह किया।
20 अक्टूबर को दशहरे के दिन यूपी सिंचाई विभाग द्वारा गंग नहर बंद की जाएगी और दिवाली के दिन पानी दोबारा बहाया जाएगा। शुक्रवार को, मेला नियंत्रण भवन के सीसीआर सभागार में, गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में कुंभ मेले की तैयारियों के संबंध में उच्च स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यों की प्रगति और अगामी योजनाओं पर चर्चा की गई।

मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि कुंभ की तैयारियों को निर्धारित समय पर पूरा करने के लिए निर्माण स्थलों पर श्रमिकों और संसाधनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। सभी कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है और तैयारियों को काउंटडाउन मोड में आगे बढ़ाया जा रहा है। गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप ने कहा कि कुंभ के लिए सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करना आवश्यक है। इसके लिए कार्यदायी संस्थाओं को श्रमिकों, मशीनरी और निर्माण सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी।

त्योहारों के दौरान श्रमिकों के अपने घरों को लौटने से निर्माण कार्यों पर पड़ने वाले प्रभाव पर विशेष चर्चा हुई। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यदायी संस्थाएं पहले से ही श्रमिकों की उपलब्धता का जायजा लें। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त श्रमिकों की व्यवस्था की जाए, ताकि त्योहारों के दौरान निर्माण कार्यों की गति बनी रहे। उन्होंने कहा कि सड़कों, पुलों और घाटों के निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करते हुए निर्माण में आने वाली रुकावटों का समय पर समाधान करना चाहिए।
आनंद स्वरूप, गढ़वाल कमिश्नर:-
20 अक्टूबर से गंग नहर के बंद होने की अवधि को कुंभ की तैयारियों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए मंडलायुक्त ने घाटों के निर्माण के लिए पूर्व में पूरी तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नहर बंद होने के समय का अधिकतम उपयोग किया जाए। निर्माण सामग्री, मशीनरी और श्रमिकों का पहले से ही प्रबंधन किया जाए, ताकि कार्य आरंभ होने पर संसाधनों की कमी से समय की बर्बादी न हो। निर्माण कार्यों में तेज़ी लाने के लिए आवश्यकता अनुसार चौबीस घंटे काम कराया जाए।

